देहरादून। चेरी किड्स विद्यालय का सोलहवाँ वार्षिकोत्सव बुधवार को बड़े ही उत्साह, उल्लास और गरिमामयी माहौल में संपन्न हुआ। पूरे परिसर को रंग-बिरंगी सजावट से सजाया गया था, जबकि मंच पर बच्चों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर दर्शकों का मन मोह लिया। वार्षिकोत्सव की शुरुआत पारंपरिक अंदाज में सरस्वती वंदना और गणेश वंदना से हुई, जिसने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक और सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति पर आधारित नाट्य प्रस्तुति ‘ऑपरेशन सिंदूर’ रहा। इस प्रस्तुति ने पहलगाँव की पीड़ा और वहाँ के लोगों के संघर्ष को बेहद संवेदनशीलता और प्रभावशाली ढंग से मंच पर जीवंत किया। बच्चों की भाव-भंगिमाओं और संवादों ने दर्शकों की भावनाओं को स्पर्श किया और प्रस्तुति समाप्त होते ही सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।वार्षिकोत्सव में ‘विकसित भारत’ थीम पर आधारित कव्वाली ने भी खूब सराहना बटोरी। बच्चों ने अपने सुर और ताल के माध्यम से आधुनिक भारत की प्रगति, परिवर्तन और आने वाले भविष्य की संभावनाओं को खूबसूरती से दर्शाया। दर्शकों ने इस अनूठी कव्वाली का भरपूर आनंद लिया और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में मिस इंद्राणी पांधी और रूपा सोन उपस्थित रहीं, जिन्होंने बच्चों की प्रस्तुतियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास और रचनात्मकता को बढ़ावा देते हैं। विद्यालय के चेयरमैन कैप्टन सुनील खुराना ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की और विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय लगातार बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान करता रहेगा।प्रधानाध्यापिका प्रेया खुराना और स्कूल को-ऑर्डिनेटर रक्षा नौटियाल ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग से यह आयोजन भव्य रूप से संपन्न हो पाया।कार्यक्रम का समापन ‘मिले सुर मेरा तुम्हारा’ की सामूहिक प्रस्तुति के साथ हुआ, जिसने एकता का संदेश पूरे सभागार में गूंजा दिया। बच्चों की मधुर आवाज़ों और रंगारंग प्रस्तुतियों ने वार्षिकोत्सव को यादगार बना दिया।
