उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के बहुचर्चित विक्रम शर्मा हत्याकांड में पुलिस को एक बहुत बड़ी सफलता हाथ लगी है। सिल्वर सिटी जिम के बाहर हुई इस सनसनीखेज हत्या के मामले में फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी बदमाश यशराज सिंह को पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने सहारनपुर से दबोच लिया है। यह शातिर अपराधी घटना के बाद से ही लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था।
13 फरवरी 2026 को देहरादून के डालनवाला इलाके में विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड की साजिश झारखंड में रची गई थी। गिरफ्तार अभियुक्त यशराज सिंह ने पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। यशराज ने बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर विक्रम शर्मा को पहले नोएडा और दिल्ली में भी मारने की कोशिश की थी, लेकिन वहां भीड़भाड़ होने की वजह से वह नाकाम रहे।
अभियुक्त यशराज ने ही शूटरों को रांची से दिल्ली भेजने के लिए हवाई टिकट और रास्ते के खर्च के लिए ऑनलाइन पेमेंट किया था।
रैकी और साजिश
अभियुक्तों ने विक्रम शर्मा की जिम जाने की दिनचर्या की पूरी रैकी की थी।
फरारी का ठिकाना: गिरफ्तारी से बचने के लिए यशराज पश्चिम बंगाल के खड़गपुर में अपनी बुआ के घर छिपा हुआ था। पुलिस को सूचना मिली थी कि यशराज अपने पिता के वकील से मिलने हरिद्वार आया है, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे सहारनपुर के रेलवे रोड से गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में पुलिस पहले ही दो गिरफ्तारियां कर चुकी है, लेकिन 6 अन्य आरोपी फरार चल रहे थे जिन पर 1-1 लाख का इनाम घोषित था। यशराज की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस बाकी फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी तेज कर रही है।
