14 अगस्त, 2026 स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून द्वारा माननीय जिला जज / अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून श्री हरीश कुमार गोयल जी के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में एक भव्य एवं गरिमामय तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की भावना को सुदृढ़ करने के साथ-साथ संविधान के प्रति सम्मान एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता का संदेश प्रसारित करना रहा।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ न्यू कोर्ट बिल्डिंग, देहरादून से हुआ। यात्रा प्रिंस चौक, तहसील चौक एवं दर्शन लाल चौक होते हुए घंटाघर तक पहुंची। यात्रा के दौरान संपूर्ण मार्ग देशभक्ति के उत्साह एवं राष्ट्रप्रेम की भावना से ओतप्रोत रहा।इस भव्य आयोजन में देहरादून जनपद के समस्त न्यायिक अधिकारीगण एवं न्यायिक कर्मचारीगण, बार एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं कर्मचारीगण, दून वैली व्यापार मंडल के पदाधिकारी एवं सदस्यगण, विभिन्न लॉ कॉलेजों के छात्र-छात्राएं, पराविधिक कार्यकर्तागण, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा विभिन्नसामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

तिरंगा यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” एवं अन्य राष्ट्रभक्ति के नारों के साथ देश की एकता, अंखडता एवं गौरव का संदेश दिया। यात्रा में न्यायिक संस्थाओं, अधिवक्ताओं, प्रशासनिक एवं सामाजिक संगठनों तथा युवा वर्ग की सामूहिक सहभागिता ने इसे एक व्यापकजन-जागरूकता एवं राष्ट्रभक्ति कार्यक्रम का स्वरूप प्रदान किया।

इस अवसर पर जिला जज / अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून श्री हरीश कुमार गोयल ने कहा कि “तिरंगा हमारे लिए केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता के लिए किए गए संघर्ष, असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान तथा भारत की एकता और अखंडता का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस हमें न केवल अपने गौरवशाली इतिहास का स्मरण कराता है, बल्कि संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों के साथ-साथ अपने संवैधानिक एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति भी सजग करता है।”सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून श्रीमती सीमा डुंगराकोटी ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, का मूल उद्देश्य ‘न्याय सबके लिए’ की भावना को साकार करना है। स्वतंत्रता और न्याय एक-दूसरे के पूरक हैं और एक सशक्त लोकतंत्र की वास्तविक पहचान तभी है, जब समाज के प्रत्येक व्यक्ति को समानता, गरिमा और न्याय तक समान पहुंच प्राप्त हो। उन्होंने सभी नागरिकों से संविधान के मूल्यों का सम्मान करते हुए सामाजिक सौहार्द, भाईचारे एवं राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने काआह्वान किया।तिरंगा यात्रा के दौरान मार्ग में स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों द्वारा भी उत्साहपूर्वक सहभागिता एवं स्वागत किया गया। यात्रा में सम्मिलित सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी ने यह संदेश दिया कि राष्ट्रप्रेम किसी एक संस्था या वर्ग तक सीमित नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून की ओर से स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर समस्त जनपदवासियों को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए यह संकल्प दोहराया गया कि संविधान के मूल्यों, न्याय, समानता, स्वतंत्रता एवं बंधुत्व की भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून निरंतर प्रतिबद्ध रहेगा। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी, एस०पी क्राइम, प्रशासन / पुलिस के अन्य अधिकारीगण, देहरादून बार एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री अनिल शर्मा, दून वैली व्यापार मंडल के सदस्य, आदि मौजूद रहे।
