देहरादून -मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम उस वक्त बेहद खास बन गया, जब एक छात्रा के सवाल पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मौके पर ही बड़ा फैसला सुना दिया। प्रदेश के राजकीय विद्यालयों (सरकारी स्कूलों) में पढ़ने वाले कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन पढ़ाई में मदद के लिए सरकार अब बैंक खातों में सीधे डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के जरिए टैब की राशि भेजेगी।

हरिद्वार की छात्रा लवप्रीत के सवाल पर हुआ फैसला
कार्यकर्म के दौरान राज्यभर से आए विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री से संवाद किया। इसी क्रम में हरिद्वार से आई 11वीं की छात्रा लवप्रीत कौर ने डिजिटल शिक्षा की चुनौती को सामने रखा। लवप्रीत ने कहा कि कोरोना काल के बाद से ऑनलाइन पढ़ाई का महत्व तो बढ़ा है, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण कई अभिभावक बच्चों को लैपटॉप या स्मार्टफोन दिलाने में असमर्थ हैं। छात्रा के इस व्यावहारिक प्रश्न को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने मंच से ही टैब के लिए धनराशि जारी करने का ऐलान कर दिया।

डिजिटल उत्तराखंड की ओर मजबूत कदम
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार हर बच्चे को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए कटिबद्ध है।”छात्रों के साथ इस तरह की सीधी चर्चा से हमें जमीनी जरूरतों को समझने का अवसर मिलता है। हमारी सरकार तकनीक और संसाधनों की कमी को बच्चों के भविष्य के आड़े नहीं आने देगी।”इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने केवल अपनी समस्याएं ही नहीं रखीं, बल्कि उत्तराखंड के विकास और शिक्षा सुधार को लेकर अपने महत्वपूर्ण सुझाव भी साझा किए।
