देहरादून:उत्तराखंड पुलिस को उसकी 25 साल की उत्कृष्ट सेवा, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के लिए देश के प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रपति पुलिस निशान’ (President’s Colours) से सम्मानित किया गया है। शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन, देहरादून में आयोजित भव्य समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यह गौरवशाली सम्मान उत्तराखंड पुलिस को प्रदान किया। इसके साथ ही उत्तराखंड यह राष्ट्रीय सम्मान हासिल करने वाला देश का 16वां राज्य बन गया है।

समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों, चारधाम यात्रा और मेलों जैसी बड़ी व्यवस्थाओं के बीच उत्तराखंड पुलिस ने अपनी सेवा और समर्पण से एक मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा कि नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन से आने वाले समय में आम जनता को और तेजी से न्याय मिलेगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसे प्रदेश के हर नागरिक के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पुलिस बल के आधुनिकीकरण और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट सेवाओं के लिए कई पुलिस अधिकारियों और जवानों को पदकों से सम्मानित किया गया, साथ ही विशेष डाक आवरण और पुलिस पत्रिका का विमोचन भी किया गया।

