राजधानी देहरादून के प्रेमनगर इलाके में बीती रात सनसनीखेज मुठभेड़ हुई। लूट की वारदात को अंजाम देकर भाग रहे बदमाशों और पुलिस के बीच हुई क्रॉस फायरिंग में एक बदमाश मारा गया है, जबकि प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर भी गोली लगने से घायल हुए हैं। पुलिस ने लूट का शिकार हुए पीड़ित को रेस्क्यू कर अस्पताल भर्ती कराया है।

मामला 29 और 30 अप्रैल की मध्य रात्रि का है। कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि प्रेमनगर क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने देवराज नाम के व्यक्ति से तमंचे के बल पर ₹2 लाख की नकदी, मोबाइल और जरूरी दस्तावेज लूट लिए हैं। विरोध करने पर बदमाशों ने देवराज को गोली मार दी और गुजरात नंबर की काले रंग की कार से विश्रांति की ओर फरार हो गए

सूचना मिलते ही प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल पीड़ित को साथ लेकर बदमाशों का पीछा शुरू किया। जंगल के रास्ते बदमाशों की घेराबंदी की गई। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की एक गोली थाना प्रभारी नरेश राठौर को लगी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें एक बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया। अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग निकले।

जिसके बाद घायल बदमाश, पीड़ित देवराज और थाना प्रभारी को तत्काल प्राथमिक चिकित्सालय लाया गया, जहाँ से उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया। उपचार के दौरान घायल बदमाश की मौत हो गई है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून और एसपी सिटी ने तुरंत अस्पताल और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस कप्तान ने घायल थाना प्रभारी के स्वास्थ्य की जानकारी ली। फिलहाल पूरे जनपद में नाकाबंदी कर दी गई है और फरार बदमाशों की तलाश में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

