देहरादून में लगातार बदलते मौसम और बारिश के बीच डेंगू का खतरा बढ़ने लगा है। इसे देखते हुए नगर निगम ने पूरे शहर में विशेष अभियान शुरू कर दिया है। नालियों की सफाई, जलभराव वाले क्षेत्रों में निगरानी, लार्वा नष्ट करने के लिए दवा का छिड़काव और फॉगिंग का काम तेजी से कराया जा रहा है।

नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे का कहना है कि इस बार मानसून से पहले ही सफाई अभियान चलाया गया, जिससे कई इलाकों में जलभराव की समस्या कम हुई है। इसके बावजूद लोगों को अपने घरों, कूलर, गमलों और आसपास जमा पानी की नियमित सफाई करनी होगी। नगर निगम का कहना है कि प्रशासन अपने स्तर पर पूरी मुस्तैदी से काम कर रहा है, लेकिन डेंगू पर प्रभावी नियंत्रण तभी संभव है जब आमजन भी जागरूक होकर इस अभियान में भागीदारी निभाएं।
